प्रकाशितवाक्य1
परिचय
1यीशु मसीह का प्रकाशन, जो परमेश्वर ने उसे इसलिए दिया कि वह अपने दासों को वे बातें दिखाए जिनका शीघ्र पूरा होना अवश्य है; और उसने अपने स्वर्गदूत को भेजकर इन्हें अपने दास यूहन्ना को बताया,2जिसने परमेश्वर के वचन की और यीशु मसीह की साक्षी दी अर्थात् जो कुछ उसने देखा था, उसकी साक्षी दी।3धन्य है वह जो इस भविष्यवाणी के वचनों को पढ़ता है, और वे भी जो इसे सुनते और इसमें लिखी हुई बातों का पालन करते हैं, क्योंकि समय निकट है।4यूहन्ना द्वारा आसिया की सातों कलीसियाओं के नाम : तुम्हें उसकी ओर से अनुग्रह और शांति मिले, जो है, जो था और जो आने वाला है; तथा सातों आत्माओं की ओर से जो उसके सिंहासन के सामने हैं;5और यीशु मसीह की ओर से जो विश्वासयोग्य साक्षी, मृतकों में से जी उठनेवालों में पहलौठा और पृथ्वी के राजाओं का शासक है।वह हमसे प्रेम रखता है, और उसने अपने लहू के द्वारा हमें हमारे पापों से छुड़ाया है,6और उसने हमें एक राज्य तथा अपने पिता परमेश्वर की सेवा में याजक बना दिया; उसकी महिमा और पराक्रम युगानुयुग रहे। आमीन।7देखो, वह बादलों के साथ आ रहा है,और प्रत्येक आँख उसे देखेगी,वे भी जिन्होंने उसे बेधा था;और पृथ्वी के समस्त कुल उसके लिए छाती पीटेंगे।यह निश्चित है। आमीन।8प्रभु परमेश्वर, जो है, जो था, जो आने वाला है, और जो सर्वशक्तिमान है, यह कहता है, “मैं ही अल्फ़ा और ओमेगा हूँ।”
यूहन्ना को जीवित प्रभु का दर्शन
9मैं यूहन्ना तुम्हारा भाई और उस क्लेश, राज्य तथा धीरज में तुम्हारा सहभागी हूँ जो यीशु में है। मैं परमेश्वर के वचन और यीशु की गवाही देने के कारण पतमुस नामक द्वीप पर था।10प्रभु के दिन मैं आत्मा में आ गया, और मैंने अपने पीछे तुरही के समान एक ऊँची आवाज़ को यह कहते हुए सुना,11“ जो कुछ तू देखता है उसे एक पुस्तक में लिख और उसे सातों कलीसियाओं अर्थात् इफिसुस, स्मुरना, पिरगमुन, थुआतीरा, सरदीस, फिलादेलफिया और लौदीकिया को भेज।”12तब मैं उसे देखने के लिए मुड़ा जो मुझसे बात कर रहा था, और मुड़ने पर मैंने सोने की सात दीवटों को देखा,13और उन दीवटों के बीच में मनुष्य के पुत्र के समान एक पुरुष को देखा, जो पैरों तक का वस्त्र पहने और छाती पर सोने का पट्टा बाँधे हुए था।14उसके सिर के बाल ऊन के समान श्वेत और हिम के समान उज्ज्वल थे, और उसकी आँखें आग की ज्वाला के समान थीं,15और उसके पैर चमकते हुए पीतल के समान थे मानो भट्ठी में तपाकर चमकाए गए हों, और उसकी आवाज़ बहुत सी जल-धाराओं की आवाज़ के समान थी।16वह अपने दाहिने हाथ में सात तारे लिए हुए था और उसके मुँह से तेज़ दोधारी तलवार निकल रही थी तथा उसका चेहरा पूरे तेज के साथ चमकते हुए सूर्य के समान था।17जब मैंने उसे देखा तो मैं उसके पैरों पर मृतक के समान गिर पड़ा। तब उसने अपना दाहिना हाथ मेरे ऊपर रखा और कहा : “मत डर! मैं ही प्रथम, अंतिम और जीवित हूँ।18मैं मर गया था और देख, मैं युगानुयुग जीवित हूँ। मृत्यु तथा अधोलोक की कुंजियाँ मेरे पास हैं।19इसलिए जो बातें तूने देखी हैं और जो बातें हो रही हैं और जो बातें इनके बाद होने वाली हैं, उन्हें लिख ले।20उन सात तारों का जिन्हें तूने मेरे दाहिने हाथ में देखा था, और उन सोने की सात दीवटों का भेद यह है : वे सात तारे सात कलीसियाओं के दूत हैं और वे सात दीवटें सात कलीसियाएँ हैं।Global Bible Initiative