यूहन्‍ना की पहली पत्री2

1हे मेरे बच्‍चो, मैं ये बातें तुम्हें इसलिए लिख रहा हूँ कि तुम पाप न करो। परंतु यदि कोई पाप करता है, तो पिता के पास हमारा एक सहायक है, अर्थात् यीशु मसीह जो धर्मी है।2वही हमारे पापों का प्रायश्‍चित्त है, और न केवल हमारे बल्कि संपूर्ण जगत के पापों का भी।

परमेश्‍वर की आज्ञाएँ

3यदि हम उसकी आज्ञाओं का पालन करते हैं तो इससे हम जान जाते हैं, कि हम उसे जान गए हैं।4जो कहता है, “मैं उसे जान गया हूँ,” परंतु उसकी आज्ञाओं का पालन नहीं करता, वह झूठा है, और उसमें सत्य नहीं।5परंतु जो कोई उसके वचन का पालन करता है, उसमें सचमुच परमेश्‍वर का प्रेम सिद्ध हो चुका है। इससे हम जान जाते हैं कि हम उसमें हैं।6जो यह कहता है कि मैं उसमें बना रहता हूँ, उसे स्वयं भी वैसे ही चलना चाहिए जैसे वह चला।
7हे प्रियो, मैं तुम्हारे लिए कोई नई आज्ञा नहीं, परंतु वही पुरानी आज्ञा लिख रहा हूँ जो तुम्हें आरंभ से मिली है। यह पुरानी आज्ञा वह वचन है जो तुमने आरंभ से सुना है।8साथ ही मैं तुम्हें एक नई आज्ञा लिख रहा हूँ जो उसमें और तुममें सच्‍ची है क्योंकि अंधकार मिटता जा रहा है और सच्‍ची ज्योति अब चमकने लगी है।9जो यह कहता है कि मैं ज्योति में हूँ परंतु अपने भाई से घृणा करता है, वह अब तक अंधकार में है।10जो अपने भाई से प्रेम रखता है वह ज्योति में बना रहता है और उसमें ठोकर का कारण नहीं।11परंतु जो अपने भाई से घृणा करता है, वह अंधकार में है और अंधकार में चलता है, और नहीं जानता कि वह कहाँ जाता है, क्योंकि अंधकार ने उसकी आँखें अंधी कर दी हैं।

लिखने का उद्देश्य

12हे बच्‍चो, मैं तुम्हें इसलिए लिख रहा हूँ, क्योंकि यीशु के नाम के कारण तुम्हारे पाप क्षमा हुए हैं।13पिताओ, मैं तुम्हें इसलिए लिख रहा हूँ, क्योंकि तुम उसे जान गए हो जो आदि से है। युवको, मैं तुम्हें इसलिए लिख रहा हूँ, क्योंकि तुमने उस दुष्‍ट पर जय पाई है।14बच्‍चो, मैंने तुम्हें इसलिए लिखा क्योंकि तुम पिता को जान गए हो। पिताओ, मैंने तुम्हें इसलिए लिखा क्योंकि तुम उसे जान गए हो जो आदि से है। युवको, मैंने तुम्हें इसलिए लिखा क्योंकि तुम बलवंत हो और परमेश्‍वर का वचन तुममें बना रहता है और तुमने उस दुष्‍ट पर जय पाई है।

संसार के विषय में चेतावनी

15संसार से प्रेम न रखो, और न संसार की वस्तुओं से। यदि कोई संसार से प्रेम रखता है, तो उसमें पिता का प्रेम नहीं है।16क्योंकि जो कुछ संसार में है, अर्थात् शरीर की अभिलाषा, आँखों की लालसा और धन-संपत्ति का घमंड, वह सब पिता की ओर से नहीं बल्कि संसार की ओर से है।17संसार और उसकी लालसाएँ मिटती जाती हैं, परंतु जो परमेश्‍वर की इच्छा पर चलता है वह सदा बना रहेगा।

अंतिम घड़ी

18हे बच्‍चो, यह अंतिम घड़ी है और जैसे तुमने सुना था कि मसीह-विरोधी आने वाला है, वैसे ही अब बहुत से मसीह-विरोधी आ चुके हैं; इससे हम जानते हैं कि यह अंतिम घड़ी है।19वे हममें से निकले पर हमारे नहीं थे; क्योंकि यदि वे हमारे होते, तो हमारे साथ बने रहते। परंतु वे इसलिए निकले कि यह स्पष्‍ट हो जाए कि वे सब हमारे नहीं हैं।20परंतु तुम्हारा अभिषेक उस पवित्र के द्वारा हुआ है, और तुम सब यह जानते हो।21मैंने तुम्हें यह इसलिए नहीं लिखा कि तुम सत्य को नहीं जानते, परंतु इसलिए कि तुम उसे जानते हो, और इसलिए कि कोई भी झूठ, सत्य की ओर से नहीं।22झूठा कौन है? केवल वही जो यह इनकार करता है कि यीशु ही मसीह है। मसीह-विरोधी वही है जो पिता और पुत्र का इनकार करता है।23प्रत्येक जो पुत्र का इनकार करता है उसके पास पिता भी नहीं; जो पुत्र को मान लेता है उसके पास पिता भी है।

परमेश्‍वर में बने रहो

24तुमने जो आरंभ से सुना है वह तुममें बना रहे। तुमने जो आरंभ से सुना है, वह यदि तुममें बना रहेगा, तो तुम पुत्र में और पिता में बने रहोगे।25जो प्रतिज्ञा उसने स्वयं हमसे की है वह अनंत जीवन है।
26मैंने ये बातें तुम्हें उन लोगों के विषय में लिखी हैं जो तुम्हें भरमाते हैं।27परंतु जहाँ तक तुम्हारा संबंध है, जो अभिषेक तुमने उससे प्राप्‍त किया वह तुममें बना रहता है, इसलिए आवश्यकता नहीं कि कोई तुम्हें सिखाए। वह अभिषेक सब बातों के विषय में तुम्हें सिखाता है, और वह सत्य है और झूठ नहीं, इसलिए जैसे उसने तुम्हें सिखाया है, उसमें बने रहो।

परमेश्‍वर की संतान

28अतः हे बच्‍चो, अब उसी में बने रहो ताकि जब वह प्रकट हो तो हमें साहस हो, और उसके आगमन पर हमें उसके सामने लज्‍जित न होना पड़े।29यदि तुम जानते हो कि वह धर्मी है, तो यह भी जानते हो कि प्रत्येक जो धार्मिकता का कार्य करता है वह उससे उत्पन्‍न‍ हुआ है।

Global Bible Initiative

https://app.library.bible/content/38fa4be736b9bab9